जिला पदाधिकारियों की बैठक के दौरान होटल की घटना
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। राजसमंद के भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह बारहठ के पुत्र अरविंद सिंह पर बुधवार दोपहर नाथद्वारा के उपली ओडन में एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक के दौरान यह घटना हुई। इस मामले ने पुलिस ने मूलतः नाथद्वारा हाल उदयपुर जिले के बड़गांव निवासी ऋतिक श्रीमाली पुत्र शेखर श्रीमाली को हिरासत में ले लिया है।
घटनाक्रम अनुसार बुधवार को नाथद्वारा के उपली ओडन स्थित होटल मारूती नंदन में ऊपर के फ्लोर पर जिला कार्य समिति की बैठक चल रही थी। नीचे के फ्लोर पर जिलाध्यक्ष मानसिंह बारहठ के बेटे अरविंद सिंह की देखरेख में भोजन व्यवस्था की जा रही थी। इसी दौरान दो तीन लोग होटल पहुंचे और बैठक में जाने लगे तो अरविंद ने यह कहते हुए रोक लिया कि अपेक्षित पदाधिकारी ही बैठक में शामिल हो सकते।

यहां कुछ देर बहस चली और जब बैठक खत्म होने पर पदाधिकारी बैठक कक्ष से बाहर खाना खाने निकले तो इन लोगों ने वहां जाने की फिर से कोशिश की तो इनकी अरविंद से फिर से बहस हो गई। इसी बीच एक युवक ने कूछ ही पल के बाद जिलाध्यक्ष के बेटे अरविंद पर चाकू से हमला कर दिया।

हमला करने वाले युवक को मौके पर ही दबोच लिया
अचानक हुए इस घटनाक्रम से यहां मौजूद पदाधिकारी, कार्यकर्ता दंग रह गए। हालांकि तत्परता दिखाते हुए हमला करने वाले युवक को मौके पर ही दबोच लिया गया। गंभीर रूप से घायल अरविंद को नाथद्वारा से उदयपुर रैफर किया गया। पुलिस ने हमला करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए राजसमंद एसपी सुधीर चौधरी भी तत्काल नाथद्वारा पहुंचे और घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली।
नाथद्वारा डीएसपी छगन पुरोहित ने बताया कि इस घटना के बाद बड़गांव, उदयपुर निवासी ऋतिक श्रीमाली पुत्र शेखर श्रीमाली को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी देख रही है। कोई और व्यक्ति भी इस घटना में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी पुलिस कारवाई की जाएगी।




