नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। स्पाइसजेट की दिल्ली से दुबई जा रही फ्लाइट को उड़ान के दौरान इंडिकेटर लाइट की खराबी के कारण डायवर्ट कर कराची में लैंडिंग करानी पड़ी है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि विमान को कराची में लैंड करने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है।
इस दौरान किसी प्रकार की आपात स्थिति की घोषणा नहीं गयी और विमान ने सामान्य लैंडिंग की है। यात्रियों के लिए एक वैकल्पिक विमान कराची भेजा गया है, यह विमान सभी यात्रियों को कराची से दुबई लेकर जाएगा।

दो दिन पहले भी उड़ान भरने के बाद विमान में बजा था स्मोक अलार्म
दो दिन पहले स्पाइसजेट के दिल्ली से जबलपुर जा रहे विमान में भी अचानक खराबी होने से स्मोक अलार्म बजा था। विमान जब उड़ान भर चुका था, तब क्रू मेंबर्स ने केबिन में धुंआ देखा, तब तक स्मोक अलार्म भी बज गया था। इस पर पायलट ने तत्काल एटीसी से संपर्क किया और विमान की वापस दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग करा सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया था।



