मुंबई,(एआर लाइव न्यूज)। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद आज सोमवार का एकनाथ शिंदे ने फ्लोर टेस्ट पास कर लिया है। शिंदे की सरकार के समर्थन में 164 विधायकों ने वोट दिया है, वहीं 99 विधायकों ने महाविकास अघाड़ी को समर्थन दिया।
एसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि शिंदे सरकार ज्यादा दिनों की मेहमान नहीं है, वह छह महीने में गिर जाएगी। अजित पवार को नेता विपक्ष बनना तय माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के विधायक मतदान करने नहीं पहुंचे।
फ्लोर टेस्ट के दौरान 11 कांग्रेस विधायक अशोक चव्हाण, विजय वडेट्टीवार, धीरज देशमुख, प्रणीति शिंदे, जितेश अंतापुरकर, जीशान सिद्दीकी, राजू आवाले, मोहन हम्बर्दे, कुणाल पाटिल, माधवराव जवलगांवकर और शिरीष चौधरी अनुपस्थित थे। चव्हाण और वडेट्टीवार देर से आए और मतदान के समय सदन में प्रवेश नहीं कर पाए।




