शिमला,(एआर लाइव न्यूज)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में सोमवार को सवारी बस के खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत हो गयी, वहीं करीब 8 लोग घायल हैं। हादसा कुल्लू जिले में सैंज घाटी के शैंशर मार्ग पर जंगला गांव के पास हुआ है। हादसे के समय बस में करीब 20 सवारियां थीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में हुई लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है, साथ ही मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रूपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

स्कूली बच्चे भी सवार थे बस में
कुल्लू उपायुक्त ने बताया कि मौके पर रेस्क्यू कार्य जारी है। बस सैंज घाटी के शेंशर से सैंज की ओर आ रही थी। इसी दौरान जंगला नामक जगह पर कैंची मोड़ में यह बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। बस में स्थानीय लोगों के अलावा स्कूली बच्चे भी सवार थे, जो सैंज स्कूल जाने के लिए बस में बैठे थे।



