उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। युवा टेलर की हुई निर्मम हत्या-आतंकी घटना से सामने आए पुलिस सिस्टम फेलियर के लिए जिम्मेदार आईजी, एसपी का तबादला करने के बाद शुक्रवार देर रात शहर के एडि.एसपी अशोक मीणा और दो डीएसपी जितेन्द्र आंचलिया, जरनैल सिंह और थानाधिकारी लीलाधर मालवीया को भी निलंबित कर दिया है। इसी के साथ उदयपुर शहर में पुलिस विभाग की नई टीम दिखाई देगी।
सरकार ने आदेश जारी कर उदयपुर में आरपीएस शिप्रा राजावत को शहर पूर्व, तपेन्द्र मीणा को शहर पश्चिम और भूपेन्द्र को गिर्वा डीएसपी लगाया है।
कर्फ्यू में 4 घंटे की छूट
जगन्नाथ रथ यात्रा के शांति पूर्वक निकलने के बाद कलेक्टर ने शहर में जारी कर्फ्यू में 4 घंटे की छूट दी है। एडीएम ओपी बुनकर ने बताया कि शहर के धानमंडी, घंटाघर, हाथीपोल, अंबामाता, सूरजपोल, सवीना, भूपालपुरा, गोवर्धनविलास, हिरणमगरी, प्रतापनगर और सुखेर थाना क्षेत्र में लागू किए गए कर्फ्यू में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक 4 घंटे की छूट दी गयी है। इस समयान्तराल के बाद कर्फ्यू यथावत रहेगा।

अब तक एडिएसपी, दो डीएसपी, दो थानाधिकारी, एक थानेदार और एएसआई निलंबित
देर रात सरकार ने आदेश जारी कर एडि.एसपी सिटी अशोक मीणा, डीएसपी पश्चिम जितेन्द्र आंचलिया, डीएसपी पूर्व जरनेल सिंह और सूरजपोल थानाधिकारी लीलाधर मालवीया के निलंबन कर दिया है। इससे पहले गुरूवार को सरकार ने आईजी हिंगलाज दान और एसपी मनोज कुमार का उदयपुर से तबादला कर आईपीएस प्रफुल्ल कुमार को आईजी और आईपीएस विकास शर्मा को उदयपुर एसपी लगा दिया था। वहीं युवा टेलर के निर्मम हत्याकांड के बाद धानमंडी थाने के थानाधिकारी, थानेदार और एएसआई का निलंबित हो चुका था।





