धानमंडी थानाधिकारी निलंबित, इंटरनेट बंद की मियाद 24 घंटे और बढ़ाई
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के हाथीपोल के नजदीक मालदास स्ट्रीट स्थित टेलर दुकान संचालक कन्हैयालाल साहू की निर्मम हत्या कर, हत्या का लाइव वीडियो वायरल कर आतंकी घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के पाकिस्तान कनेक्शन सामने आ रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी रियाज 2014 में पाकिस्तान के कराची जा चुका था और वहां के कट्टरवादी संगठन से ट्रेनिंग भी ली थी। इसके अलावा वह नेपाल भी जा चुका था।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि यह प्रथम दृष्ट्या आतंक फैलाने के उद्देश्य से की गयी है। दोनों आरोपियों के दूसरे देशों में भी संपर्क होने की जानकारी सामने आयी है।
मामले में एनआईए ने अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट (UAPA) और आईपीसी की धाराओं के तहत केस रजिस्टर कर लिया है। एनआईए की टीम ने उदयपुर में आरोपियों से पूछताछ करने के अलावा घटनास्थल और मृतक से संबंधित लोगों से भी बातचीत की है। एनआईए आरोपी रियाज के आतंकी संगठनों से कनेक्शन की पड़ताल कर रही है। रियाज के कॉल रिकॉर्ड में ऐसे 10 नंबर मिले हैं, जो पाकिस्तानी हैं, जिनसे रियाज की रेगुलर बातचीत होती थी। एनआईए उन नंबरों की पड़ताल कर रही है।
रियाज बढ़ा रहा था नेटवर्क
जानकारी के अनुसार रियाज 2014 में कराची में ट्रेनिंग लेकर आने के बाद इंडिया के खासकर राजस्थान, एमपी, गुजरात में नेटवर्क बढ़ा रहा था। मस्जिद में खादिम का काम करने के बहाने वह युवाओं से संपर्क साधता था और उनमें धार्मिक उन्मादी विचारधारा फैलाने का काम कर रहा था।
20 साल पहले छोड़ दिया था घर
भीलवाड़ा पुलिस ने बताया कि रियाज मूलतः आसिंद का रहने वाला है। रियाज के परिवार और आस-पड़ोस से मिली जानकारी के अनुसार उसकी कट्टरवादी विचारधारा के चलते उसने 20 साल पहले ही घर छोड़ दिया था। यहां तक कि जब उसके पिता की मौत हुई, तो वह उस समय भी नहीं आया था।
इधर डीजीपी ने बुधवार को पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रेसकॉन्फ्रेंस ली है। डीजीपी ने बताया कि धानमंडी थानाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं उदयपुर में तनाव की स्थिति को देखते हुए संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट ने इंटरनेट बंद की मियाद 24 घंटे और बढ़ा दी है।




