नेता प्रतिपक्ष कटारिया ने कहा उदयपुर में जगन्नाथ रथ यात्रा अपने तय समय पर होकर रहेगी
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज़)। उदयपुर शहर के हाथीपोल के पास मालदास स्ट्रीट में सुप्रीम टेलर संचालक कन्हैया लाल साहू की हुई निर्मम हत्या और हत्या का लाइव वीडियो वायरल कर आतंकी घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के सम्बन्ध किसी कट्टरवादी संगठन से होने सामने आ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार कट्टरवादी संगठन की मदद से ही आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से इस आतंकी घटना को अंजाम दिया और उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। हालां कि इस संबंध में पुलिस ने अब तक कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया है। मामले में एनआईए और राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी टीम आरोपियों से पूछताछ कर हर पहलू पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने मुख्य आरोपियों के अलावा देर रात तक तीन संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। कानून व्यवस्था बहाली के लिए मोरचरी पहुंचे एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि जांच एजेंसियां हर पहलू पर मामले की जांच कर रही हैं।

अंतिम संस्कार में शामिल हुए हजारों लोग
सुबह साढ़े सात बजे मृतक कन्हैयालाल साहू के शव का पोस्टमार्टम शुरू हुआ। मोरचरी में भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। एडीजी दिनेश एमएन, संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, आईजी हिंगलाजदान, डीआईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल सहित अन्य उच्च अधिकारी मय जाब्ता मोरचरी पहुंचे। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया गया।
शव यहां से सेक्टर 14 स्थित घर ले जाया गया। जहां से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान पूरे शहर में चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
एसपी को घटना का एक घंटे तक पता नहीं चला, तो वहां पुलिस सिस्टम क्या है.?

इधर नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि जगन्नाथ रथ यात्रा अपने तय समय पर होकर रहेगी। पुलिस अपना काम करे, हम रथयात्रा को निकालेंगे।
एमबी हॉस्पिटल में मृतक के पोस्टमार्टम के दौरान मोरचरी पहुंचे नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि जब किसी भी शहर में पुलिस का भय खत्म हो जाता है तो बदमाश, आतंकियों के हौंसले बुलंद होते हैं।
कटारिया ने कहा सिर्फ एक एएसआई को निलंबित करने से सरकार मामले से बच नहीं सकती। शहर में इतनी बड़ी घटना हो जाए और एसपी को पता ही न तो समझा जा सकता है कि शहर में कोई सिस्टम है ही नहीं। इस मामले में थानेदार सहित एसपी की जिम्मेदारी तय कर सरकार को उनके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए।
कटारिया ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब पौने तीन बजे की है। हाथीपोल क्षेत्र से किसी क्षेत्रवासी ने मुझे फोन पर घटना की जानकारी दे दी थी। मैंने करीब एक से डेढ़ घंटे बाद मामले में अपडेट के लिए एसपी को फोन किया तो वे बोले कि उनके पास अभी-अभी जानकारी आयी है। जब ऐसी आतंकी घटना की जानकारी एसपी के पास 1 घंटे बाद पहुंचे, तो पुलिस सिस्टम की स्थिति को समझा जा सकता है।

राजस्थान में यह पांचवीं घटना, क्या राजस्थान टारगेट पर है.?
गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि राजस्थान भी आतंकियों के निशाने पर है। प्रदेश में इस प्रकार की यह पांचवीं घटना है। प्रदेश में आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है। इसकी गहराई से जांच की जाएगी तो इसमें ऐसे संगठन भी शामिल होना सामने आएगा जो यहां के युवाओं का ब्रेन वॉश कर उनसे इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिलवा रहे हैं।
सामने दिख रहे आरोपियों को पकड़ने के साथ ही ऐसे संगठनों और इनसे जुटे आतंकियों को खत्म करने की जरूरत है। इस मामले की बारीकी और हर पहलू से जांच की जरूरत है।


