उदयपुर(एआर लाइव)। पश्चिमी हवाओं का असर कम होने और पूर्वी हवाएं चलने से मानसून धीरे धीरे आगे बढऩे लग गया है। अब कभी भी मानसून मेवाड़-हाड़ौती के रास्ते राजस्थान में प्रवेश कर सकता है।
शहर में सोमवार को सुबह से तेज उमस का असर बना रहा, इसी बीच दोपहर एक बजे शहर के कुछ क्षेत्रों के साथ ही आसपास के गांवों में कुछ देर के लिए हल्की बारिश हुई। उससे पहले शहर में बूंदाबांदी का दौर भी चला, हालांकि इससे उमस पूरी तरह से धुल नहीं पायी। इधर बीती रात उदयपुर जिले के खेरवाड़ा में 10 मिलीमीटर, गोगुंदा 16, राजसमंद के गढ़बोर में 15, नाथद्वारा 8 और नंदसमंद में 4 मिलीमीटर बारिश हुई। उदयपुर जिले के ऋषभदेव, मावली क्षेत्र में भी हल्की बारिश हुई।

मानसून के राजस्थान में प्रवेश की तैयारी
मौसम विभाग के अनुसार हवाओं का रूख बदलने से दो दिनों में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून फिर से आगेे बढ़ा है। वर्तमान में मानसून डेसा, रतलाम, शिवपूरी, रेवा और चरक पर स्थित है। मानसून ने गुजरात का अधिकांश हिस्सा कवर कर लिया है और अब उम्मीद है कि अगले 48 घंटे में मानसून राजस्थान में प्रवेश कर सकता है।

पूर्व अनुमान से देरी से आ रहा मानसून
मौसम विभाग ने पिछले दिनों देश भर के लिए अनुमान लगाया था उसके हिसाब से राजस्थान में इस साल 20 जून को मानसून के प्रवेश करने की उम्मीद थी,लेकिन पश्चिमी हवाएं सक्रिय होने से मानसून आशानुरूप गति से आगे नहीं बढ़ पाया। इसके चलते मानसून के आने में देरी हो रही है। हालांकि पिछले दो दिनों में हवाओं का रूख बदला और पूर्वी हवाएं चलने से अब मानसून ने फिर से गति पकड़ी है।




