भोपाल,(एआर लाइव न्यूज)। मध्य प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन (MPPSC) की हुई प्रीलिम्स परीक्षा में पूछे गए विवादित सवाल पर बवाल मच गया है। परीक्षा में पूछा गया कि क्या कश्मीर पाकिस्तान को दे देना चाहिए।
परीक्षा देकर छात्र एग्जाम सेंटर्स से बाहर आए तो मामला सामने आया। इस मामले में जहां सरकार सफाई देने में लगी हुई है, वहीं कांग्रेस ने परीक्षा सेट करने वाले जिम्मेदारों पर राष्ट्रद्रोह का केस दर्ज करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार 19 जून को मध्यप्रदेश में लोक सेवा आयोग ने प्रीलिम्स परीक्षा आयोजित हुई थी। इसमें सवाल नंबर 8 में पूछा गया कि क्या भारत को कश्मीर को पाकिस्तान को दे देने का निर्णय कर लेना चाहिए।
विवाद बढ़ने पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पेपर सेट करने वाली कमेटी के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए है, साथ ही उन्होंने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। एमपीपीएससी चैयरमेन ने बताया कि विवादित सवाल के नंबर काउंट नहीं किए जाएंगे।



