नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान रह चुकी मिताली राज ने इंटरनेशनल क्रिकेट से सन्यास ले लिया है। बुधवार को उन्होंने उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इस बात की घोषणा की।
39 वर्षीय मिताली ने 16 साल की उम्र से क्रिकेट कॅरियर की शुरूआत की थी। मिताली राज ने अपने 23 साल के कॅरियर में कई रिकॉर्ड बनाए और वर्ल्ड कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दो बार फाइनल तक पहुंचाया। मिताली वन-डे मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर हैं।

मिताली राज के कॅरियर के रिकॉर्ड
- मिताली ने 232 वनडे मैच खेले, जिसमें उन्होंने 50.68 की औसत से 7805 रन बनाए। मिताली महिला वनडे क्रिकेट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं।
- महिला विश्व कप में मिताली दूसरी सबसे ज्यादा स्कोर करने वाली खिलाड़ी हैं। आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में मिताली ने 47.17 की औसत से 1321 रन बनाए हैं।
- टी-20 मैच में भारत के लिए मिताली शीर्ष स्कोरर भी हैं। आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रही हैं। 2018 आईसीसी महिला विश्व टी 20 में भाग लिया था, तब उन्होंने कुल 40.33 पर 726 रन बनाए थे।
- मिताली के नाम सबसे कम उम्र (19 साल 254 दिन की उम्र) में डबल टेस्ट मैच में डबल सैंचुरी लगाने का रिकॉर्ड कायम है।



