श्रीगंगानगर/गांधीनगर,(एआर लाइव न्यूज)। पंजाब में बढ़ी सख्ती के बाद अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर के आस-पास पाकिस्तान ड्रग्स तस्कर नए रूट से तस्करी का प्रयास कर रहे हैं। दो दिन में अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर पर राजस्थान में तैनात बीएसएफ की टीम और गुजरात एटीएस ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में हेरोइन जब्त की है।
श्रीगंगानगर में रायसिंह नगर अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास ख्यालीवाला गांव में मंगलवार को बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बीएसएफ की जी ब्रांच ने पंजाब के 4 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 किलो 500 ग्राम हेरोइन जब्त की है। जिसकी बाजार कीमत करीब 17 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
वहीं सोमवार को गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते एटीएस बीएसएफ और स्थानीय पुलिस की मदद से पाकिस्तानी तस्करों द्वारा कच्छ के खाड़ी क्षेत्र में फेंके गए दो बैग से हेरोइन के 49 पैकेट्स बरामद किए हैं। जिनकी कीमत करीब 250 करोड़ रूपए बताई जा रही है।

सात दिन पहले नाव सवार ने हेरोइन से भरे दो बैग समुद्र में फेंक दिए थे
एटीएस अधिकारी ने बताया कि 7 दिन पहले 30 मई को एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल ने अरब सागर के बीच भारतीय क्षेत्र से एक नाव में 7 पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ा था। नाव सवार मोहम्मद अकरम ने जैसे ही तट रक्षक बल के जहाज को आते देखा था, तो दो बैग समुद्र में फेंक दिए थे।
एटीएस ने इन सातों को गिरफ्तार कर पूछताछ की थी, तो सामने आया था कि पाकिस्तान में पिशुकन बंदरगाह पर तस्करों ने नाव पर दो प्लास्टिक बैग रखे थे। नाव चालक ने खुद को बचाने के लिए यह बैग समुद्र में फेंक दिए थे, जिन्हें एटीएस ने 40 समुद्री मील दूर जखाउ के पास क्रीक क्षेत्र से बरामद किया है। इन दो बैग में 250 करोड़ कीमत की 49 पैकेट हेरोइन बरामद हुई है।

ड्रोन से भी कर रहे मादक पदार्थ तस्करी
कुछ दिनों पहले भी श्रीगंगानगर में भारत पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन से तस्करी कर हेरोइन भेजी थी। बीएसएफ ने 1 जून की सुबह तारबंदी के पास इसे बरामद किया था। इस मामले की तफ्तीश कर पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से करीब 35 करोड़ कीमत की हेरोइन बरामद की थी। पकड़े गए तस्करों में 2 तस्कर बॉर्डर एरिया स्थित गांव और 1 तस्कर खानूवाली व 2 तस्कर पंजाब के रहने वाले हैं।



