टारगेट किलिंग का 3 दिन में दूसरा मामला, तीन दिन पहले टीचर को मारी थी गोली
कुलगाम,(एआर लाइव न्यूज)। कश्मीर में आतंकवादी लगातार टारगेट किलिंग कर रहे हैं। गुरूवार को एक आतंकी ने बैंक में घुसकर बैंक मैनेजर विजय कुमार की गोली मार कर हत्या कर दी। विजय कुमार मूलतः राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के रहने वाले थे और कश्मीर में इलाकाई देहाती बैंक की मोहनपोरा ब्रांच में मैनेजर थे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर की स्थिति की समीक्षा करने के लिए 3 जून को नई दिल्ली में हाई लेवल मीटिंग करेंगे। कश्मीर में इसी सप्ताह यह दूसरी टारगेट किलिंग है। तीन दिन पहले कुलगाम में ही आतंकवादियों ने एक महिला टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

कश्मीरी पंडितों का आंदोलन जारी
अधिकारियों ने बताया कि मोहनपोरा ब्रांच में विजय कुमार को आतंकवादियों ने गोली मारी। नाजुक हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। आतंकवादी बैंक में घुसा और सीधे बैंक मैनेजर पर बंदूक तान गोली मार दी।
जम्मू कश्मीर में लगातार हो रही टारगेट किलिंग के खिलाफ घाटी में 19 दिनों से कश्मीरी पंडितों का आंदोलन चल रहा है। प्रधानमंत्री रोजगार पैकेज के तहत नौकरी पाने वाले पंडित काम का बहिष्कार कर प्रदर्शन कर रहे हैं। ये घाटी में सबसे लंबे समय तक चलने वाला प्रदर्शन बन चुका है। 12 मई को रेवेन्यू विभाग के कर्मचारी राहुल भट की हत्या के बाद ये प्रदर्शन शुरू हुआ था।



