मुंबई,(एआर लाइव न्यूज)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ड्रग्स ऑन क्रूज केस में क्लीन चिट दे दी है। एनसीबी ने शुक्रवार को कोर्ट में 6000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, जिसमें एनसीबी ने 14 लोगों को आरोपी बनाया है, हालां कि इन 14 लोगों में आर्यन खान का नाम नहीं है।
एनसीबी के वरिष्ठ अधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि मौके पर हुई कार्रवाई के दौरान आर्यन और मोहक को छोड़कर बाकि सभी आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थ पाए गए थे। एनसीबी को आर्यन खान सहित अन्य पांच लोगों के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं मिले।

एनसीबी ने 3 अक्टूबर 2021 को क्रूज से आर्यन को किया था गिरफ्तार
गौरतलब है कि गत वर्ष 3 अक्टूबर को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने समुद्र रास्ते से गोवा जा रहे कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारा था। एनसीबी ने तब दावा किया था कि उसने जब छापा मारा तब क्रूज पर ड्रग पार्टी चल रही थी। एनसीबी ने क्रूज से आर्यन खान सहित 20 लोगों को गिरफ्तार किया था। एनसीबी ने आर्यन खान से पूछताछ की थी, इसके बाद कोर्ट में पेश कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। जिसके बाद 28 अक्टूबर को हाईकोर्ट से आर्यन खान को जमानत मिली थी।
आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद इस केस पर काफी राजनीति हुई थी और अलग-अलग नेताओं ने इस पर बयानबाजी की थी। हालां कि शुरूआत से लेकर आखिरी तक शाहरूख खान ने बेटे आर्यन की गिरफ्तारी या केस से संबंधित कोई बयान नहीं दिया था और उन्होंने अपना पूरा फोकस कानूनी प्रक्रिया पर ही रखा था।



