यह राजस्थान का पहला तितली पार्क होगा
उदयपुर, (एआर लाइव न्यूज)। शहर से सटे अंबेरी स्थित मेवाड़ बायोडायवर्सिटी पार्क में तितली पार्क बनेगा। यहां पर्यटकों को 60 से अधिक प्रजातियों की सैकड़ों रंग-बिरंगी तितलियां एक ही स्थान पर देखने को मिल सकेंगी। पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनने के साथ ही यहां तितलियों का संवर्धन और संरक्षण भी हो सकेगा।
पार्क के लिए शनिवार को संभागीय वन संरक्षक आरके जैन ने बायोडायवर्सिटी पार्क में ट्री वॉक की जगह का निरीक्षण किया। उन्होंने इस जगह को तितली पार्क के लिए उपयुक्त बताया और काम शुरू करने के निर्देश दिए। संभागीय वन संरक्षक आरके जैन ने बताया कि यह राजस्थान का पहला तितली पार्क होगा।
पार्क में पौधे भी वही लगाए जाएंगे, जिन्हें तितलियां पसंद करती हैं

डीएफओ डीके तिवारी ने बताया कि अब इस स्थान पर तितलियों के अनुसार पार्क विकसित करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि 2 से 3 महीने (सितंबर) तक तितली पार्क का काम पूरा कर यहां विभिन्न प्रजातियों की तितलियों को बसा दिया जाएगा। जिन पौधों पर तितलियां बैठती हैं, उन्हीं प्रजाति के पौधों को पार्क में लगाकर विकसित किया जाएगा। कलेक्टर ने तितली पार्क के लिए बजट आवंटन भी कर दिया है। तितली पार्क की जगह के निरीक्षण के दौरान उदयपुर क्षेत्रीय वन अधिकारी नरपत सिंह राठौड़, वनपाल मांगीलाल सहित अन्य वन समिति सदस्य उपस्थित रहे।
बायोडायवर्सिटी पार्क के वनक्षेत्र में मौजूद हैं 60 प्रजातियों की तितलियां
तितलियों के विशेषज्ञ मुकेश के अनुसार उदयपुर संभाग में तितलियों की 100 प्रजातियां पाई जाती हैं, इसमें से करीब 60 प्रकार की प्रजातियां तो अंबेरी स्थित मेवाड़ बायोडायवर्सिटी पार्क के वन क्षेत्र में हैं। यहां का पर्यावरण तितलियों के लिए मुनासिब है, यही कारण है कि प्राकृतिक तौर पर इस वन क्षेत्र में बड़ी संख्या में इतनी प्रजातियों की तितलियां मौजूद हैं। ऐसे में यह जगह तितली पार्क बनाने के लिए सबसे ज्यादा बेहतर रहेगी, क्यों कि यहां पर तितलियों की विभिन्न प्रजातियों का बेहतर ढंग से संरक्षण हो सकेगा।

तितली के जीवन के चार चरण
विशेषज्ञ मुकेश ने बताया कि तितली का जीवन चार चरणों में संपन्न होता है। अंडा से शुरू होकर लारवा, प्यूपा से वयस्क तक इनका जीवन होता है। बायोडायवर्सिटी पार्क में इतनी प्रजातियों और बड़ी संख्या में तितलियों का होना यहां के पर्यावरण के स्वास्थ्य का प्रतीक है।



