नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने अंतरराष्ट्रीय तस्करों के एक गिरोह का खुलासा करते हुए लक्षद्वीप तट से मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं से 218 किलो हेरोइन जब्त की है। जब्त की गयी हेरोइन की बाजार कीमत करीब 1526 करोड़ रूपए आंकी जा रही है। डीआरआई ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में नाव लेकर आ रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ICG ने कहा कि प्रिंस और लिटिल जीसस नाम की दो मछली पकड़ने वाली नौकाओं से नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। खूफिया सूचनाओं के आधार पर लक्षद्वीप में डीआरआई और आईसीजी ने ऑपरेशन खोजबीन के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।

इन नौकाओं ने अरब सागर के बीच कहीं से बड़े जहाज से हेरोइन के 218 पैकेट की खेप को अपनी नाव में रखवाया और लक्षद्वीप तट की तरफ आ रहे थे। हर पैकेट में 1 किलो हेरोइन भरी हुई थी। सूचना के आधार पर डीआरआई और आईसीजी की टीम ने दोनों संदिग्ध नौकाओं को रोका। नौकाओं चालकों से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने हेरोइन होना कबूल कर लिया। इसके बाद दोनों नावों को कोच्चि में तटरक्षक जिला मुख्यालय लाया गया और 218 किलो हेरोइन के पैकेट बरामद किए गए।
डीआरआई द्वारा पिछले एक महीने में यह चौथी बड़ी कार्रवाई की गयी है। इससे पहले 30 अप्रैल को डीआरआई ने कांडला बंदरगाह पर जिप्सम पाउडर की कॉमर्शियल इंपोर्ट कंसाइनमेंट से 205 6 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी। 29 अप्रैल को पीपावाव बंदरगाह पर हेरोइन से लदी 396 किलोग्राम सूत और 10 मई को नई दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे के एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स में 62 किलोग्राम हेरोइन जब्त की थी।


