उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार शाम को उदयपुर पहुंचे। गहलोत गुरूवार सुबह गुलाबबाग में बर्ड पार्क का उद्धाटन करेंगे। उसके बाद आरएनटी मेडिकल कॉलेज में 34 करोड़ के लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार शाम डबोक एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से हेलिकॉप्टर से सीधे बेणेश्वर धाम, डूंगरपुर पहुंचकर 16 मई को होने वाली सभा और बेणेश्वर धाम पुल के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियां देखी। गहलोत ने यहां डूंगरपुर और बांसवाड़ा के प्रमुख नेताओ, कार्यकर्ताओं तथा जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक भी ली। इसके बाद गहलोत देर शाम उदयपुर पहुंचे।

गुलाबबाग में बर्ड पार्क
कलक्टर ताराचंद मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार सुबह 10 बजे गुलाबबाग में राजस्थान के पहले बर्ड पार्क का उद्धाटन करेंगे। इसके बाद 11 बजे आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालयों में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। गुलाबबाग में करीब साढ़े ग्यारह करोड़ रुपये की लागत वाले राजस्थान के पहले बर्ड पार्क में पक्षी प्रेमी 28 प्रजातियों के पक्षियों को देख सकेंगे। बर्ड पार्क 3.85 हेक्टेयर में फैला है।

आरएनटी में 34 करोड़ के कार्यो, चिकित्सा सुविधाओं का लोकार्पण- शिलान्यास
आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. लाखन पोसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 21 करोड़ 99 लाख के 6 कार्यों का लोकार्पण एवं 12 करोड़ रूपए की लागत के एक कार्य का शिलान्यास किया जाएगा।
15 करोड़ 26 लाख 50 हजार की लागत की अत्याधुनिक 3.0 टेसला एमआरआई मशीन, 2 करोड़ लागत के एमबी अस्पताल में ऑटोप्सी ब्लॉक निर्माण, 2.8 करोड़ रूपए त से 100 बेडेड पीआईसीयू, 1.44 करोड़ से 50 बेडेड आईसीयू, 50 लाख के सैटेलाइट हॉस्पिटल हिरन मगरी में लेबोरेटरी एवं वार्ड निर्माण तथा हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड की ओर से छह खनन क्षेत्रों में टेलिमेडिसिन सुविधाओं की शुरूआत करेंगे। मुख्यमंत्री एमबी अस्पताल में 12 करोड़ रूपए की लागत से 200 बेडेड प्रि.फेब्रिकेटेड स्ट्रक्चर वार्ड निर्माण कार्य का शिलान्यास भी करेंगे।




