मुख्यमंत्री सहायता कोष में 2 करोड़ रूपए आए
जयपुर(एआर लाइव न्यूज।)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को समय समय पर मिले मोमेंटो( स्मृति चिन्ह) एवं उपहारों की गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर ‘सेवांजलि‘ कार्यकम में नीलामी की गई।
भारत सेवा संस्थान की ओर से हुए इस कायर्क्रम में लगभग 2 करोड़ रूपए की राशि एकत्रित हुई। यह राशि ‘निरोगी राजस्थान’ के लिए ‘मुख्यमंत्री सहायता कोष‘ में जमा होगी। इस दौरान अशोक गहलोत ने पत्नी सुनीता गहलोत के साथ स्मृति चिन्ह एवं उपहारों का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर गहलोत ने कहा कि उनको स्मृति चिंह एवं उपहारों के जरिये प्रदेशवासियों ने जो सम्मान दिया है, वह प्रदेशवासियों के सहायतार्थ ही काम आएगा। भारत सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष एवं राजस्थान लघु उद्योग विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने बताया कि स्मृति चिंहों की नीलामी से एकत्रित राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष में जमा होगी। इस अवसर पर कई मंत्री, गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

जनहित में दूसरे नेताओं को भी करनी चाहिये ऐसी पहल
प्रदेश के मंत्री, राजनेता आये दिन किसी न किसी समारोह या कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शामिल होते है। उनको आयोजक सम्मान स्वरूप मोमेंटो भेंट करते है। ऐसे में ये राजनेता भी साल में एक बार सम्भाग स्तर पर ऐसा कार्यक्रम रखकर मोमेंटो,उपहार की नीलामी करने की पहल करें तो नीलामी से होने वाली आय का यह पैसा जनता के काम आ सकता है।



