राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय कोटा का कुलपति जयपुर MNIT स्थित सरकारी गेस्ट हाउस में पकड़ा गया
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जयपुर की स्पेशल यूनिट ने आज गुरूवार को राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू) कोटा के कुलपति डॉ. रामावतार गुप्ता को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वहीं उसके कमरे से 21 लाख रूपए बरामद हुए हैं। कुलपति निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की सीटें बढ़ाने के नाम से यह राशि ले रहा था।
एसीबी महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी ने एसीबी जयपुर कार्यालय में वॉट्स-एप हेल्पलाइन के जरिए शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि परिवादी का इंजीनियरिंग कॉलेज है। कॉलेज में इंजीनियरिंग सीटें बढ़ाने, सुविधाएं उपलब्ध करवाने की एवज में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय आरटीयू के कुलपति राम अवतार गुप्ता 10 लाख रूपए रिश्वत मांग रहे हैं और रिश्वत राशि नहीं देने पर परेशान किया जा रहा है। सत्यापन करने पर शिकायत की पुष्टि हुई।
सरकारी गेस्ट हाउस में 4 दिन से रूका था और कमरे से मिले 21 लाख रूपए

एसीबी टीम ने पूरी कार्रवाई एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में की। कुलपति डॉ. रामावतार गुप्ता रिश्वत लेने के लिए जयपुर ही आ गए और जयपुर के MNIT कैंपस स्थित सरकारी गेस्ट हाउस में ठहरे थे। कुलपति रामावतार गुप्ता ने परिवादी को रिश्वत राशि लेकर गेस्ट हाउस ही बुला लिया। यहां जैसे ही कुलपति रामावतार गुप्ता ने परिवादी से रिश्वत राशि के 5 लाख रूपए लिए, एसीबी टीम ने दबिश देकर उसे धरदबोचा।

एसीबी टीम ने कुलपति जिस कमरे में ठहरा हुआ था, उसकी तलाशी ली तो वहां 21 लाख रूपए बरामद हुए। कुलपति गेस्ट हाउस में 4 दिन से ठहरा हुआ था। ऐसे में संदेह है कि यह राशि भी किसी न किसी से वसूली गयी होगी। एसीबी टीमें आरोपी कुलपति के आवास और अन्य ठिकानों की तलाशी कर रही हैं।



