भारतीय मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। भारतीय मौसम विभाग ने मई माह के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। देश के कई हिस्सों में मई में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार मई के दौरान पश्चिम मध्य, उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों और उत्तर-पूर्व भारत के उत्तरी भागों में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में सामान्य से कम अधिकतम तापमान रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और अत्यधिक उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से सामान्य से कम न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है।
मई में बारिश का पूर्वानुमान

मई 2022 में देश भर में औसत बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना है। भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है । उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों के साथ-साथ सुदूर पूर्वी दक्षिण प्रायद्वीप में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। वर्तमान में भूमध्य रेखीय प्रशांत क्षेत्र में ला नीना की स्थिति प्रचलित है। नवीनतम पूर्वानुमान इंगित करता है कि ला नीना की स्थिति मई 2022 में जारी रहने की संभावना है। प्रशांत महासागर पर अल नीनो दक्षिणी दोलन की स्थिति के अलावा हिंद महासागर एसएसटी जैसे अन्य कारक भी भारतीय जलवायु को प्रभावित करते हैं।



