उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी में लक्ष्मीपुरा गांव में ढाई साल की बच्ची बच्ची की यौन हिंसा के बाद हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी दरिंदे ने बच्ची का गला घोंट हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर बच्ची के शव को शुक्रवार सुबह कुएं से निकाला गया।
आरोपी की मानसिक विकृता इस हद तक है कि बच्ची से पहले उसने घर में ही एक छोटे बच्चे को भी पकड़ा था और कान-चेहरे सहित अंदरूनी अंगों पर काटा था। वो बच्चा रोया तो उसने बच्चे को छोड़ दिया था। इसके बाद बच्ची को खेलते-खेलते सुनसान जगह ले गया था। मृतक बच्ची के चेहरे, कान के आस-पास भी काटने के निशान हैं, इसलिए परिजनों का कहना है कि आरोपी ने बच्ची को भी हत्या से पहले यौन हिंसा का शिकार बनाया था।
मामले की जांच कर रही एडि.एसपी शहाना खानम ने बताया कि मामले में अनुसंधान चल रहा है। आरोपी के डिटेन कर लिया गया है। बच्ची के साथ यौन हिंसा की बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बच्ची के साथ खेलने के बहाने उसे सुनसान जगह ले गया
पुलिस ने बताया कि ढाई साल की बच्ची और उसका परिवार भीलवाड़ा के रहने वाले हैं। रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने के लिए बच्ची अपनी मां के साथ चित्तौड़गढ़ के लक्ष्मीपुरा गांव आयी थी। गुरूवार दोपहर बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान परिचित 30 वर्षीय रमेश भी बच्ची के साथ खेलने लगा। रमेश बच्ची को खेलते-खेलते सुनसान जगह ले गया और इसके बाद उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। आरोपी रमेश यहां से वापस उसके भीलवाड़ा स्थित घर लौट गया।
बच्ची के लापता होने पर उसकी तलाश की गयी। बच्ची दिन में रमेश के साथ खेलती दिखी थी तो लोगों ने रमेश की तलाश की, पता चला कि वह उसके घर भीलवाड़ा चला गया है। इस पर लोग उसे भीलवाड़ा से पकड़ कर लाए और बस्सी पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
थानाधिकारी गणपत सिंह ने बताया कि आरोपी ने बच्ची की सुनसान जगह ले जाकर गला घोंट हत्या करना कबूल किया है। उसने हत्या के बाद शव गांव के ही एक कुएं में फेंक दिया था। शुक्रवार सुबह पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुएं से बच्ची का शव निकाला।




