उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक नर्सिंग स्टूडेंट द्वारा अपने ही दोस्त के पिता से 50 लाख रूपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने नर्सिंग स्टूडेंट नरेन्द्र कुमार उर्फ बंटी और उसके साथी अभिजीत को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि प्रोपर्टी व्यवसायी ढीकली निवासी जीवनदास उर्फ राजूदास ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उनके मोबाइल पर एक फोन आया था, उस पर एक व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी और 50 लाख रूपए की फिरौती मांगी है। इसके बाद वाट्सअप कॉल और मैसेज कर भी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फिरौती के रूपए मांगे हैं।
मामले की जांच कर कल्याणपुर ऋषभदेव हाल नीमचमाता स्कीम निवासी नरेन्द्र कुमार उर्फ बन्टी और खेरवाड़ा निवासी अभिजीत को गिरफ्तार किया है।
उमरड़ा में रेस्टोरेंट पर हुई थी परिवादी के पुत्र से दोस्ती

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अभिजीत उर्फ अभि परिवादी प्रोपर्टी व्यवसायी के बेटे यशवंत का मित्र है। यशवंत उमरड़ा स्थित मैनेजमेंट कॉलेज से बीबीए कर रहा है, वहीं नरेन्द्र उमरड़ा स्थित नर्सिंग कॉलेज से पढ़ रहा है और अभिजीत का कॉलेज भी उमरड़ा में ही है। परिवादी के बेटे यशवंत और अभिजीत की दोस्त उमरड़ा में आते-जाते रेस्टोरेंट पर हुई। इसके बाद अभिजीत का यशवंत के घर आना-जाना हुआ। जिससे उसे पता चला कि यशवंत के पिता प्रोपर्टी व्यवसायी है और काफी धनवान हैं। यशवंत के जरिए अभिजीत को उसके पिता जीवनदास के मोबाइल नंबर भी आसानी से मिल गए।

अभिजीत की आवाज यशवंत पहचान लेता, इसलिए उसने नरेन्द्र को भी साथी मिला लिया। इसके बाद नरेन्द्र ने जीवनदास को फोन कर धमकी दी और 50 पेटी की व्यवस्था करने की कहकर फिरौती मांगी। मामले के खुलासे में एसआई इन्द्रजीत परमार, हेडकांस्टेबल लाल सिंह, कांस्टेबल अचलाराम, नागेन्द्र सिंह और अनिल की मुख्य भूमिका रही है।




