जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के बीमा पॉलिसी धारकों को अब एक वर्ष की बीमा अवधी पूर्ण होने से पूर्व ही नए पॉलिसी वर्ष में पॉलिसी को रिन्यू करवाना होगा। तभी उन्हें इस वित्तीय वर्ष में 1 मई 2022 से योजना का लाभ मिल सकेगा।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ देवकरण गुरावा ने बताया कि एक वर्ष पूर्ण होने के बाद रिन्यू या रजिस्ट्रेशन करवाने पर नियमानुसार 3 महीने बाद ही योजना का लाभ मिल सकेगा।
सीएमएचओ डॉ मनोज शर्मा ने बताया कि जिन परिवारों ने पिछले वर्ष अप्रैल में योजना के अन्तर्गत रजिस्ट्रेशन करवाया थाए उनकी बीमा पॉलिसी अवधि को अब एक वर्ष पूर्ण हो गया है।ऐसे में पॉलिसी खत्म होने वाली है, तो उन्हें योजना का लाभ जारी रखने के लिए ई मित्र केंद्र के माध्यम से पॉलिसी को रिन्यू करवा लेना चाहिए। ताकि 1 मई से योजना का लाभ मिल सके।
इनको नहीं है रिन्यू की आवश्यकता

योजना में एनएफएस पात्र परिवार और एसईसीसी के अंतर्गत आने वाले परिवारों को दोबारा पॉलिसी को रिन्यू अथवा रजिस्ट्रेशन करवाने की जरूरत नहीं है। सीएमएचओ ने जिले के उन परिवारों से भी योजना में रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की है जिन्होंने अभी तक एक भी बार योजना में रजिस्ट्रेशन नही करवाया है।


