उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गुलाबबाग रोड स्थित आयुर्वेदिक विभाग की लैब (रसायनशाला) में गुरूवार दोपहर अचानक आग लग गयी, कुछ ही देर में आग रसायनशाला से कार्यालय के दूसरे कमरों तक फैल गयी और आग ने भीषण रूप ले लिया।
कार्यालय के अंदर फंसे कर्मचारियों ने छत से कूदकर जान बचाई, इस दौरान दो कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

जानकारी के अनुसार कार्यालय के अंदर कुछ निर्माण कार्य चल रहा है, अंदेशा जताया जा रहा है कि कार्यालय में निर्माणकार्य में लगे मजदूरों के खाना पकाने या जलती बीड़ी फेंकने से आग लगी है। कार्यालय की लैब में कई कैमिकल भी रखे थे, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। कैमिकल सहित दस्तावेज जलकर राख हो गए। आग बुझाने में दमकलकर्मियों की मदद के लिए मौके पर जेसीबी बुलाई गयी। जिन कमरों तक दमकलकर्मी नहीं पहुंच पा रहे थे, उनकी दीवार जेसीबी से तोड़ी गयी और तब जाकर दमकलकर्मी आग पर काबू पा सके।
लकड़ी की सीढ़ी लगा कर फंसे हुए लोगों को निकाला

कार्यालय में आग की लपटें देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन रसायनशाला में कैमिकल रखे होने से आग ने भीषण रूप ले लिया। इस दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारी भी अंदर फंस गए। लोगों ने लकड़ी की सीढ़ी (नसेनी) लगा कर लोगों को निकाला।




