करौली,(एआर लाइव न्यूज)। शहर में नव संवत्सर पर हिंदू संगठनों की बाइक रैली पर पथराव के बाद हुई हिंसा के चलते लगे कर्फ्यू में सोमवार को कुछ राहत दी गई। कर्फ्यू के बीच 10वीं-12वीं के स्टूडेंट्स ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा दी।
शिक्षा विभाग और प्रशासन ने बोर्ड परीक्षा को लेकर कड़ी व्यवस्था का इंतजाम किया। जहाँ एक ओर परीक्षार्थियों को एडमिशन कार्ड दिखाने पर आने-जाने की छूट दी, वहीं सेंटर के आसपास पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। साथ ही जिले में इंटरनेट सेवा भी बंद है। आज शाम 4 बजे सूचना केंद्र टाउन हॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
कर्फ्यू में राहत
कलेक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत के आदेश के बाद सभी सरकारी ऑफिस, कोर्ट, बैंक आदि खोल दिए गए हैं। सरकारी कर्मचारी, वकील और बैंक कर्मचारी आईडी कार्ड दिखाकर ड्यूटी पर आ-जा सकेंगे।
पुलिस ने शहर में 15 पॉइंट बनाकर 1200 से अधिक अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। उपद्रव के मामले में एफआईआर दर्ज कर 13 लोगों और शांतिभंग में 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में गठित एसआईटी को जांच के दौरान एक घर की छत पर पत्थर मिले हैं। पुलिस ने घर खाली करवाकर चिह्नित कर कार्रवाई शुरू कर दी है।


