नारायण सेवा संस्थान एवं पैरालिम्पिक कमेटी ऑफ इंडिया के साझे में हुई तीन दिवसीय 21वीं राष्ट्रीय पैरा-तैराकी चैंपियनशिप का हुआ समापन
महाराष्ट्र की टीम ने जीती राष्ट्रीय पैरा-तैराकी चैंपियनशिप
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। नारायण सेवा संस्थान और पैरालिम्पिक कमेटी ऑफ इंडिया (पीसीआई) के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुई तीन दिवसीय 21वीं नेशनल पैरा-चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। महाराणा प्रताप खेलगांव के तरणताल में हुई चैंपियनशिप में 23 राज्यों से आए 383 तैराकों ने बेहतरीन प्रदर्शन दिया। जिसमें महाराष्ट्र की टीम ने 306 अंक हासिल कर चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया।
नारायण सेवा संस्थान अध्यक्ष प्रशान्त अग्रवाल ने बताया कि संस्थान दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए उदयपुर में एक स्पोर्ट्स एकेडमी बना रहा है। इसका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। यह स्पोर्ट्स एकेडमी दिव्यांग खिलाड़ियों को जिंदगी को बेहतर बनाने का एक नया मौका देगी।
समापन समारोह में आए मुख्य अतिथि विधानसभा नेताप्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने बताया कि शारीरिक एवं मानसिक दृष्टि से व्यक्ति चाहे किसी भी विकट परिस्थिति में हो, लेकिन मन में कुछ गुजरने का दृढ़ संकल्प हो तो वह जीत की मुहर लगा ही देगा। उन्होंने दिव्यांगजन की शिक्षा, चिकित्सा, पुनर्वास एवं विकास के क्षेत्र में नारायण सेवा संस्थान की सराहना की। समारोह की अध्यक्षता पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने की। विशिष्ट अतिथि यूआईटी के पूर्व चेयरमैन रवीन्द्र श्रीमाली, राजस्थान तैराकी संघ के सचिव चन्द्र गुप्त सिंह चौहान ने भी विचार व्यक्त किये।
14 श्रेणियों में 306 पुरूष और 77 महिलाओं ने तैराकी चैंपियनशिप में हिस्सा लिया

पैरालिम्पिक कमेटी ऑफ इण्डिया के तैराकी चेयरमैन डॉ. वीके डवास ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि दिव्यांगता की दृष्टि से वर्गीकृत कुल 14 श्रेणियों में 306 पुरूष व 77 महिलाओं ने भाग लिया। कुल 245 रेस हुई।
21वीं राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग चैम्पियनशिप पर महाराष्ट्र ने 306 अंकों के साथ कब्जा किया। जब कि सब जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत श्रेणी में व्योम पावा गुजरात व बालिका वर्ग में रिया पाटिल महाराष्ट्र ने सर्वश्रेष्ठ तैराक का पुरस्कार प्राप्त किया। इसी तरह जूनियर वर्ग में तेजस नंद कुमार कर्नाटक और महिला वर्ग में साथी मंडल पीसीआई ने और सीनियर वर्ग में अन्नापुरेड्डी आंध्र व बालिका वर्ग में साधना मुल्लिक राजस्थान को सर्वश्रेष्ठ तैराक घोषित किया गया।
कार्यक्रम में पीसीआई तैराकी के चेयरमैन डॉ. वीके डवास दिव्यांगों के लिए स्पेशल कार बनाने वाले राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त रवीन्द्र पाण्डे, उत्तर प्रदेश की टीम के कप्तान विमलेश विशाल, कर्नाटक के अन्तर्राष्ट्रीय तैराक गोपीचंद को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में संस्थान निदेशक वंदना अग्रवाल, देवेन्द्र चौबीसा, तैराकी कोच महेश पालीवाल भी मौजूद थे। संचालन महिल जैन ने व आभार रविश कावड़िया ने किया।


