विधानसभा में सीएम ने नेता प्रतिपक्ष पर किए कई कटाक्ष
गहलोत ने प्रदेश के लिए कई घोषणाएं भी की
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को राजस्थान विधानसभा में राजस्थान वित्त एवं विनियोग विधेयक पर जवाब देते हुए नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया सहित भाजपा के कई नेताओं पर खूब कटाक्ष किए। गहलोत ने प्रदेश के लिए कई घोषणाएं भी की।
गहलोत ने नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया को कहा कि “आप ऐसे बोलते है भावुक होकर, कभी भावुकता, कभी कठोरता पता ही नहीं पड़ता। ऊपर नीचे बीपी(ब्लड प्रेशर) चलती रहती है आपकी। कृपा करते बीपी को कंट्रोल रखो आप। इसके बाद गहलोत ने गिलास से पानी पिया और फिर आगे बोलना शुरू किया और कहा कि आपके स्वास्थ्य के लिए जरूरी है कि बीपी कंट्रोल रहे आपकी। वरना आपके घर वाले मुझे ओलिंबा (उलाहना) देंगे कि आप इनका ध्यान नहीं रखते हो। सदन का नेता हुंं तो स्वाभाविक है कि इतना अधिकार तो आपकी फैमिली वालों का बनता है। तो कृपया कर आप ध्यान रखे बोलते वक्त कि क्या बोल रहे हो।”
गहलोत ने कटारिया पर ऐसे शाब्दिक बाण भी छोड़े

सीएम गहलोत बोले हमें मालूम है कि आप जानबुझकर बोलते हो। आपकी पार्टी की मास्टरी है मार्केटिंग करने की। काम कम करो और मार्केटिंग ज्यादा करो। आपके बोलने की भाषा और तरकीब और बोलने की आपकी अदा ऐसी है कि लोग समझने लगते है कि ये ठीक बोल रहे है। मानो आर्थिक एक्सपर्ट होंगे आप।
गहलोत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तो हमेशा अपने अंदाज में बोलते है। अंदाज को बदलना भी चाहिए कभी-कभी। क्यों कि वो पूरा समय आंकड़ों पर ले लेते है, लेकिन आप पूरा भाषण ही आंकड़ों पर देंगे तो कैसे काम चलेगा। आपमें कितनी कारीगरी है, आप तो पत्थर में भी जान डाल देते हो। यह समझ से परे है कि आप ये आंकड़े लाते कहां से हो।
उदयपुर के लिए ये प्रमुख घोषणाएं हुई

- पुला से फतहपुरा होते हुए सुखाडिय़ा सर्कल तक एलीवेटेड रोड बनेगी, जिस पर 120 करोड़ खर्च होंगे।
- उदयपुर के मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब स्थापित होगी।
- मदन मोहन मालवीया आयुर्वेद कॉलेज में 50 बैड क्षमता बढ़ेगी।
- प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों पर फिटनेस सेंटर बनेंगे।
- लसाड़िया के अग्गड़ में और खेरवाड़ा के ढीकवास में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खुलेगा।
- खेरवाड़ा के नया गांव में एसडीओ कार्यालय खुलेगा।
- सलूंबर में जिला परिवहन कार्यालय खुलेगा।
- चावंड पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करेंगे।
- कुराबड़ में राजकीय कॉलेज खुलेगा।
- सराड़ा में स्नातक महाविद्यालय स्नातकोत्तर में क्रमोन्नत होगा और आईटीआई केन्द्र खुलेगा।
- झाड़ोल की बाघपुरा पुलिस चौकी को थाने में क्रमोन्नत किया जाएगा।
- पाणुंद में नई चौकी खुलेगी।



