मणिपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मणिपुर में एन बीरेन मुख्यमंत्री बनेंगे। रविवार को बीजेपी विधायक दल ने सर्वसम्मति से एन बीरेन सिंह को मणिपुर के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चुन लिया है। एन बीरेन मणिपुर के लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे।
मणिपुर विधानसभा के 10 मार्च को चुनाव परिणाम में 60 में से 32 सीटें हासिल कर बीजेपी बहुमत के आंकड़े के साथ सरकार तो बना रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ था। मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर लगातार बैठकें चल रही थीं। एन बीरेन सिंह के साथ थोंगम विश्वजीत सिंह और युमनाम खेमचंद सिंह तीनों ने ही मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी कर शनिवार को दिल्ली में बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाक़ात की थी।
रविवार को बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू इंफाल पहुंचे। उन्होंने विधायक दल की बैठक बुलाई। इस बैठक में ही विधायक दल ने एन बीरेन को मुख्यमंत्री के रूप में चुन लिया।
गोवा और उत्तराखंड की ताजपोशी होनी बाकि
गोवा और उत्तराखंड में बीजेपी सरकार बनने के 10 दिन बाद भी मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है। उम्मीद लगाई जा रही है कि भाजपा जल्द ही मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकती है। केन्द्रीय हाईकमान इसको लेकर लगातार बैठकें कर रहे हैं।


