पर्यटन विकास निगम की बैठक में हुआ तय
जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। कोरोना महामारी के कारण बन्द हुई शाही ट्रेन ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ को शीघ्र पुनः शुरु किया जायेगा। यह शाही ट्रेन अत्याधुनिक सुख सुविधाओं से सुसज्जित ट्रेन है जोकि पर्यटकों को एक सप्ताह तक यात्रा करवाती है।
राजस्थान पर्यटन विकास निगम की बुधवार को धमेन्द्र राठौड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। उत्तर पश्चिम रेल्वे के उच्चाधिकारियों एवं राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशा है कि राजस्थान के पर्यटन को देश-दुनिया में एक अलग पहचान मिले। राज्य बजट में पर्यटन विकास कोष के लिए 1 हजार करोड़ रुपये का प्रावधन किया है।

कामली घाट – मारवाड़ जंक्शन तक ट्रेनी कोच पर चर्चा
बैठक में शाही ट्रेन ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ को पुनः शुरु करने, रेल्वे एवं आरटीडीसी के मध्य हुए एग्रीमेंट को रिव्यू करने, कामली घाट से मारवाड़ जंक्शन तक रेल्वे के घाट सेक्शन में मीटर गेज ट्रेनी कोच के संचालन, ईको ट्रेन सफारी चलाने के तौर-तरीको सहित अन्य बिन्दुओं पर भी चर्चा की गई। राजस्थान पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक डॉ. मनीषा अरोड़ा, राजस्थान पर्यटन विकास निगम के कार्यकारी निदेशक कालूराम सहित रेल्वे एवं राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अधिकारी भी मौजूद थे।




