विधानसभा मेंं कटारिया का ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव ने दिया जवाब
जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मोहन लाल सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय उदयपुर के कुलपति की नियुक्ति को लेकर प्राप्त हुए दस्तावेजों के परीक्षण के लिए राज्य सरकार ने समिति का गठन का निर्णय लिया है। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव ने शुक्रवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।
विधानसभा में शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं उदयपुर शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से कुलपति की नियुक्ति को लेकर सवाल उठाए। इसके जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि कुलाधिपति राज्यपाल सचिवालय से हाल ही में विभाग को मोहन लाल सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के कुलपति के चयन व नियुक्ति के संबंध में दस्तावेज प्राप्त हुए है। इसके अनुसार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अमेरिका सिंह 20 अक्टूबर 2007 से 1 फरवरी 2020 तक इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सीतापुरा रोड़, लखनऊ में नियमित प्रोफेसर के पद पर कार्यरत रहे है।
आवश्यकता हुई तो एफआईआर भी दर्ज की जाएगी

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि प्रोफेसर की नियुक्ति का मामला गंभीर मुद्दा है, इसलिए इसमें समिति का गठन कर पूर्ण कार्यवाही की जाएगी। अगर आवश्यकता हुई तो एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। इससे पहले यादव ने अपने लिखित वक्तव्य में विश्वविद्यालय के कुलपति के चयन व नियुक्ति प्रक्रिया से अवगत कराते हुए कहा कि मोहन लाल सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के अधिनियम के अनुसार कुलाधिपति राज्यपाल द्वारा कुलपति की नियुक्ति गठित सर्च कमेटी के माध्यम से राज्य सरकार के परामर्श पर की जाती है।



