जीएसटी के दोनों अधिकारियों को उनके उदयपुर स्थित घर से गिरफ्तार किया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय की टीम ने रविवार को रिश्वत लेने और देने के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा जीएसटी एडि.कमिश्नर मोहम्मद हुसैन अंसारी को उनके उदयपुर में मुर्शिद नगर सेक्टर 12 स्थित निवास से 4 लाख रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एडि कमिश्नर के घर पर एसीबी ने छापा मारकर रिश्वत देने आए दलाल पानेरियों की मादड़ी निवासी निलेश अग्रवाल को भी गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा पूरे मामले में मिलीभगत होने पर भीलवाड़ा जीएसटी अधिकारी उदयपुर प्रतापनगर निवासी दिनेश टेलर, भीलवाड़ा के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी राजमल उर्फ राजू अग्रवाल और लक्ष्मण अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।
एसीबी महानिदेशक बीएल सोनी ने बताया कि मुख्यालय को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि जीएसटी (वाणिज्यिक कर विभाग) भीलवाड़ा वृत में टैक्स चोरी का एक बड़ा रैकेट चलाया जा रहा है। जिसमें कर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, दलाल और व्यापारी मिलीभगत करके सरकार को करोड़ों से राजस्व की हानि पहुंचा रहे हैं।
वाणिज्यिक कर विभाग में टैक्स चोरी का रैकेट

रविवार को टैक्स चोरी रैकेट के तहत दलाल निलेश व्यापारियों से रिश्वत के 4 लाख रूपए लेकर उदयपुर जीएसटी एडि कमिश्नर मोहम्मद हुसैन अंसारी के घर पहुंचा।
एडीजी दिनेश एमएन के अनुसार एसीबी टीम भी सूचना के अनुसार इस पूरे रैकेट पर निगरानी रखे हुए थे। जैसे ही निलेश ने एडि कमिश्नर मोहम्मद हुसैन अंसारी को रिश्वत के 4 लाख रूपए दिए, तभी एसीबी टीम ने छापा मारकर एडि कमिश्नर मोहम्मद हुसैन अंसारी और दलाल निलेश को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम ने रिश्वत चोरी में मिलीभगत होने पर जीएसटी अधिकारी दिनेश टेलर को उसके प्रतापनगर स्थित निवास से और ट्रांसपोर्ट व्यवसायी राजमल उर्फ राजू अग्रवाल और लक्ष्मण अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी इनसे पूछताछ कर अहम सुराग जुटाने में लगी है।



