बीकानेर,(एआर लाइव न्यूज)। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को सोमवार को बीकानेर जिले में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। डोटासरा की कार के आगे प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को हटाने पुलिस को खूब मशक्कत करनी पड़ी।
घटनाक्रम अनुसार गोविंद सिंह डोटासरा सोमवार सुबह शहर कांग्रेस के जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने बीकानेर पहुंचे। डोटासरा कार्यक्रम में पहुंचते उससे पहले ही यहां से कुछ ही दूरी पर पहले से तैयार खड़े युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने बीच रास्ते में डोटासरा की कार को घेर लिया।
कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में
हाथ में काले झंडे लहराते हुए कार्यकर्ताओं ने रीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर डोटासरा के खिलाफ नारेबाजी भी की। आक्रोशित कार्यकर्ताओं को कार से आगे से हटाने में पुलिस अधिकारी और जवानों को खूब मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद डोटासरा की कार आगे बढ़ पायी। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


