उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। माघ पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को राजमहल सिटी पैलेस सहित मेवाड़ में कई जगह होलिका रोपण हुआ।
मेवाड़ की परम्परानुसार अनुसार माघ पूर्णिमा पर विधि-विधान व मंत्रोचार के साथ सायंकालीन मुहूर्त में होलिका रोपण किया गया। एक माह पश्चात् फाल्गुन शुक्ल की पूर्णिमा को होलिका दहन किया जाएगा। होलिका दहन के दिन से जगह जगह गैर नृत्य की शुरूआत हो जाएगी। गांवों में चंग की थाप पर होली के गीतों के साथ लोग गुलाल में रंगेे नजर आएंगे। सिटी पैलेस उदयपुर के ऐतिहासिक माणक चौक में धर्मसभा के सदस्यों एवं पुरोहितों की मौजूदगी में होलिका रोपण हुआ।
बेणेश्वर धाम पर लगी श्रृद्धा की डुबकी
माघ पूर्णिमा पर बुधवार को डूंगरपुर क्षेत्र के बेणेश्वर धाम पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सोम, माही और जाखम नदी के त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। आदिवासियों के महाकुंभ कहे जाने वाले बेणेश्वर धाम पर माघ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने संत मावजी महाराज के दर्शन कर उनको नमन किया। महंत अच्युतानंद महाराज की पालकी यात्रा में श्रद्धालुओं ने पूरा धार्मिक उत्साह दिखाया।


