उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। बजट सत्र के लिए विधानसभा से निलंबित किए गए भाजपा के चारों विधायक रामलाल शर्मा, मदन दिलावर, अविनाश गहलोत और चंद्रभान आक्या का निलंबन सोमवार को रद्द कर दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और उप नेता राजेंद्र राठौड़ ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी से कहा कि आप चाहते है कि विधानसभा की कार्यवाही शांतिपूर्वक चले तो चारों विधायकों का निलंबन वापस ले। इसके बाद संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल ने चारों विधायकों का निलंबन रद्द करने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद चारों विधायकों का निलंबन रद्द कर दिया गया।
इसके बाद प्रश्रकाल स्थगित कर रीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर सदन में चर्चा करवाई गई। कटारिया, राठौड़, सतीश पूनीयां सहित विपक्ष के कुछ अन्य विधायकों ने रीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी पर चिंता जताते हुए इसकी सीबीआई से जांच की मांग दोहराई।


