2001 में हुए थे पद्म भूषण से सम्मानित
पुणे,(एआर लाइव न्यूज)। दिग्गज उद्योगपति और बजाज ग्रुप के पूर्व चैयरमेन राहुल बजाज का शनिवार को पुणे में निधन हो गया है। राहुल बजाज 83 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। राहुल बजाज के सामाजिक कार्यों के चलते उन्हें 2001 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। उद्योगपति होने के साथ ही वे राजनीति से भी अछूते नहीं रहे, वे राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं। उन्होंने बजाज ग्रुप की कमान करीब पांच दशक तक संभाली थी।
राहुल बजाज ने उम्र का हवाला देते हुए पिछले साल बजाज ग्रुप को चैयरमेन पद छोड़ दिया था। राहुल बजाज 1972 से बजाज ऑटो और पिछले पांच दशकों से बजाज ग्रुप ऑफ कंपनीज से जुड़े रहे। राहुल बजाज के बजाज ग्रुप सहित बजाज ऑटो को बुलंदियों तक पहुंचाया।
1972 में बजाज ऑटो की कमान संभालने के बाद कंपनी ने वाहनों के प्रोडक्शन में रफ्तार बढ़ाई और कुछ सालों में ही बजाज ने “हमारा बजाज” के रूप में आमजन के दिलों में अपनी जगह बना ली और देखते ही देखते कंपनी का टर्न ओवर तीन करोड़ से बढ़कर 2008 में 10 हजार करोड़ रुपये हो गया।

