मुंबई,(एआर लाइव न्यूज)। स्वर कोकिला लता मंगेशकर आज अनंत में विलीन हो गयी। देश ने अपना अमूल्य रत्न खो दिया। पिछले एक महीने से कोरोना से जूझ रही लता मंगेशकर का 92 वर्ष की उम्र में आज रविवार को निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली और फिर दुनिया को अलविदा कह गयीं। केन्द्र सरकार ने लता मंगेशकर के निधन पर 2 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।
उनकी पार्थिव देह को दोपहर 12 बजे लताकुंज स्थित घर पर ले जाया जाएगा, इसके बाद अंतिम संस्कार भी शिवाजी पार्क स्थित श्मशान में किया जाएगा।
लता जी की कोरोना रिपोर्ट 8 जनवरी को पॉजिटिव आई थी और उन्हें निमोनिया भी हो गया था। इसके बाद से वे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थीं। इलाज के दौरान उनकी हेल्थ में सुधार भी हुआ था। करीब 5 दिन पहले स्वास्थ्य स्थिर होने पर ऑक्सीजन भी निकाल दी गयी थी, लेकिन उन्हें आईसीयू में ही रखा गया था। लेकिन शनिवार को उनकी हालत फिर से काफी ज्यादा खराब हुई और रविवार सुबह 8.12 बजे उनका निधन हो गया।

