उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। नगर निगम की वित्त समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में पार्षदों का भत्ता बढ़ाने सहित कई प्रस्ताव पास किए गए।
समिति अध्यक्ष रूचिका चौधरी की अध्यक्षता और उप महापौर पारस सिंघवी की मौजूदगी में हुई बैठक में कांग्रेसी पार्षद अली असगर ने पार्षदों का भत्ता बढ़ाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान बोर्ड की पहली बैठक में भी पार्षदों का भत्ता बढ़ाने की बात उठी थीं लेकिन तब हंगामा होने से इस पर चर्चा नहीं हो पायी। अब बोर्ड बैठक होने जा रही है उसमें पार्षदों का भत्ता बढ़ाने का निर्णय भी होना चाहिए।
उप महापौर ने कहा कि वित्त समिति प्रस्ताव पास करती है तो 12 फरवरी को बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रख दिया जाएगा। वित्त समिति की बैठक में महज पांच-सात मिनट की चर्चा मेंं पार्षदों का भत्ता बढ़ाने का प्रस्ताव पास कर लिया गया। बैठक में समिति सदस्य मुकेश शर्मा, करणमल जोराली, कमलेश मेहता, भंवर सालवी के साथ ही राजस्व शाखा के अधिकारी भी मौजूद थे।
सुखाडिय़ा सर्कल पर बनेगा गेम जोन

वित्त समिति की बैठक में सुखाडिय़ा सर्कल पर गेम जोन विकसित करने का भी निर्णय लिया गया। इससे पर्यटकों के साथ ही शहरवासियों को भी मनोरंजन की सुविधा मिल सकेगी। यह सुविधा विकसित होने से सुखाडिय़ा सर्कल पर पर्यटकों का ठहराव भी बढ़ेगा।
अनुपयोगी पनघट हटाने का निर्णय

बैठक मेंं अनुपयोगी पनघट हटाने का निर्णय भी लिया गया। समिति अध्यक्ष रुचिका चौधरी ने कहा कि शहर में 92 पनघट सार्वजनिक स्थानों पर लगे हुए हैं जिनका प्रतिमाह विद्युत खर्च 11 लाख रुपया नगर निगम द्वारा वाहन किया जा रहा है। कई पनघट खराब हो चुके हैं उपयोग में नहीं आ रहे हैं, लेकिन विद्युत मीटर लगा होने से बिजली निगम स्थाई शुल्क वसूल कर रहा है।


