जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राज्य सरकार ने डब्ल्यूएचओ की ओर से कोरोना ओमिक्रॉन को लेकर जारी सुझाव के बाद शादी समारोह में आने वाले मेहमानों की संख्या को बढ़ाकर गुरूवार को नई संशोधित गाइडलाइन जारी है। संशोधित गाइडलाइन के अनुसार अब विवाह समारोह में 50 के बजाए 100 मेहमानों के आने की अनुमति होगी। राजस्थान सरकार द्वारा आज 20 जनवरी को जारी किए गए आदेश 24 जनवरी 2022 से लागू किए जाएंगे।
इसके अलावा राज्य सरकार ने शनिवार रात 11 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक चलने वाला वीकेंड कर्फ्यू पूरे प्रदेश में लागू करने के बजाए प्रदेश के विभिन्न जिलों के नगरीय क्षेत्रों में ही लागू करने के आदेश दिए हैं।
एडवांस बुकिंग का पेमेंट समायोजित करें होटल संचालक

वहीं राज्य सरकार ने प्रदेश के होटल संचालकों को परामर्श दिया है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण अगर किसी ने एडवांस में की गयी बुकिंग को निरस्त किया है, या उसे स्थगित किया है, तो होटल संचालक उसका एडवांस बुकिंग का पेमेंट या तो वापस करे या उसे समायोजित करे।
राज्य सरकार के इस आदेश के बाद ऐसे कई लोगों को राहत मिलेगी, जिन्होंने शादियों को लेकर होटलों में एडवांस बुकिंग कराई थी और पाबंदियों के चलते उन्हें बुकिंग कैंसिल करवानी पड़ गयी हो।


