एमओयू और एलओआई पर हुए हस्ताक्षर
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। इन्वेस्ट उदयपुर समिट के तहत बुधवार को उदयपुर में विभिन्न सेक्टर में निवेश के लिए 7390.67 करोड़ के एमओयू और एलओआई पर हस्ताक्षर हुए।
समिट में 13 सेक्टर्स में 4649.17 करोड़ की लागत के 83 एमओयू हुए। जिसके तहत 10536 लोगोंं को रोजगार मिलेगा। 6 सेक्टर में 2741.5 करोड़ की लागत के 17 एलओआई हुए जिसमें 13 हजार 805 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। फतहसागर किनारे रानी रोड श्मशान घाट के पास एक होटल में यह प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री रामलाल जाट ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में प्रदेश में उद्योगों को प्रोत्साहन मिला है।
निवेश होने पर उदयपुर के लोगोंं को भी फायदा होगा

प्रभारी मंत्री रामलाल जाट ने कहा कि स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो रहे उदयपुर में निवेश होने पर यहां के लोगोंं को भी फायदा होगा। कार्यक्रम में मावली विधायक धर्मनारायण जोशी, वल्लभनगर विधायक प्रीति शक्तावत, संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, कलक्टर चेतन देवड़ा, अतिरिक्त निदेशक उद्योग, आरके आमेरिया, जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक मंजू माली,रीको के वरिष्ठ प्रबंधक संजय नैनावटी और रीको के अतिरिक्त महाप्रबंधक डीके शर्मा भी मौजूद थे।
नए औद्योगिक क्षेत्र के लिये भूमि चिन्हित कर ली गई

प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्तमान में रीको द्वारा जिले में 10 औद्योगिक क्षेत्र विकसित किये गये है, जिनमें 1441 औद्योगिक इकाइयां स्थापित है। खेरवाड़ा के खेरादी फला, गोगुन्दा के नान्देशमा, झाड़ोल के पालयाखेड़ा, ऋषभदेव के रायणा, कोटड़ा के मेरपुर और वल्लभनगर तहसील हेडक्वार्टर पर औद्योगिक क्षेत्र के लिये भूमि चिन्हित कर ली गई है। उद्योग मंत्री शकुंतला रावत और राजस्थान फाउंडेशन के चेयरमेन धीरज श्रीवास्तव ने वर्चुअल संबोधन दिया।


