जयपुर/उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान में कोरोना संक्रमण दो गुनी-तीन गुनी रफ्तार से बढ़ रहा है। प्रदेश में आज एक दिन में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1100 से पार हो गयी। मंगलवार शाम को आयी 24 घंटे की रिपोर्ट में 1137 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसमें सर्वाधिक जयपुर में 745, जोधपुर में 185, अजमेर में 143, अलवर में 39, कोटा में 31, भीलवाड़ा में 21 और भरतपुर में 20, बीकानेर में 12 कोरोना संक्रमित मिले हैं। प्रदेश के जयपुर में आज 1 संक्रमित की मौत भी हुई है।
उदयपुर में एक्टिव केस 32 हुए

मंगलवार को उदयपुर में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या ने पिछले 5 महीने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उदयपुर में आज 9 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इससे पहले दूसरी लहर के उतार के समय 28 जुलाई 2021 को इतने संक्रमित आए थे। उदयपुर में कोरोना एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 32 हो गयी है। आज जो 9 संक्रमित पाए गए हैं, वे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से हैं, जिसमें प्रतापनगर, हिरणमगरी, गोवर्धनसागर, फतहपुरा, भुवाणा सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
संभाग के प्रतापगढ़ में लगातार बढ़ रहे केस

उदयपुर संभाग के प्रतापगढ़ में आज 8, चित्तौड़गढ़ में 7 संक्रमित आए हैं। डूंगरपुर और राजसमंद अभी कोरोना फ्री हैं, क्यों कि यहां अभी एक भी एक्टिव केस नहीं हैं। बांसवाड़ा में आज कोरोना संक्रमित तो नहीं मिले हैं, लेकिन यहां पूर्व में आए संक्रमितों के संख्या एक्टिस केस 3 हैं।



