362.5 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। तुर्की के इस्तांबुल शहर में चल रही एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर गौरव साहू ने फिर शानदार प्रदर्शन किया। गौरव ने 53 किलोग्राम जूनियर भार वर्ग में कुल 362.5 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। गौरव ने ऑवर ऑल स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही एस्कवेट में स्वर्ण पदक,बेंच प्रेस में रजत पदक व डेड लिफ्ट में स्वर्ण पदक जीता हैं।
राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव विनोद साहू ने बताया कि उदयपुर के सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कॉमर्स कॉलेज के छात्र गौरव ने कुल तीन स्वर्ण व एक रजत पदक जीत कर सोमवार को अपने तीसरे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया हैं।
29 दिसंबर को तुर्की में ही तीसरा मुकाबला

राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली ने बताया कि गौरव का 29 दिसंबर को तुर्की में ही तीसरा मुकाबला एशियन बेंच प्रेस चैंपियनशिप के लिये होगा। भारतीय रेलवे टीम के चीफ कोच एवं अर्जुन अवॉर्डी सजीवन भास्करन ने भी टेलीफोन पर गौरव साहू को बधाई दी है। स्वर्ण पदक जीतते ही गौरव के परिवारजनों ने बोहरा गणेश जी जाकर प्रभु के द्वार में शीश नवाया।



