सीएम ने लोगों को चेताया प्रोटोकॉल की पालना करें,नहीं तो हम सख्ती करेंगे
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि दुनिया के कई देशों में ओमिक्रॉन वेरिएंट तेजी से फैल रहा है। प्रदेशवासी प्रोटोकॉल और नाइट कर्फ्यू जो कि पहले से चल रहा हैं उसकी प्रभावी पालना करें। नहीं तो राज्य सरकार सख्त कदम उठाएगी। भारत मेें भी कई राज्यों में वापस सख्ती शुरू कर दी हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश में कोविड टीकाकरण को बहुत जल्दी अनिवार्य किया जाएगा। सभी ने कोविड की दूसरी लहर का भयावह मंजर देखा है। इसलिए अब कोई लापरवाही नहीं की जाए।
गहलोत ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन अनिवार्य करने के लिए शीघ्र दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे। 31 जनवरी, 2022 तक सभी वैक्सीन की दूसरी डोज आवश्यक रूप से लगवाएं और जिला कलेक्टर शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। आमजन ओमिक्रॉन वेरिएंट को गंभीरता से लें, लापरवाही नहीं बरतें।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुछ दिन अभियान चलाकर लोगो को मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के लिए जागरूक किया जाए। बाद में प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर सख्तीबरतें। चिकित्सा विभाग चिन्हित जगहों पर आरटी-पीसीआर टेस्ट की संख्या बढ़ाए, जिससे संक्रमित व्यक्तियों की शीघ्र पहचान हो सके।
मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने कहा कि जिला प्रशासन पहली और दूसरी लहर की तरह ही ओमिक्रॉन वेरिएंट को गंभीरता से लें। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि तमिलनाडु की तर्ज पर पात्र व्यक्तियों के लिए अनिवार्य टीकाकरण लागू किया जा सकता है। गृह राज्यमंत्री राजेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि संभावित तीसरी लहर को देखते हुए प्रशासन भीड़-भाड़ वाली जगहों पर सख्ती बरते। बैठक में एसीएस डॉ.सुबोध अग्रवाल सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
बूस्टर डोज लगनी जरूरी, पीएम से करेंगे आग्रह :
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी लहर से बचाव के लिए जरूरी है कि निर्धारित आयु समूह का शत-प्रतिशत टीकाकरण हो। साथ ही, जिन्हें दोनों डोज लग चुकी है उन्हें बूस्टर डोज लगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य सरकार आग्रह करेगी कि पात्र व्यक्ति यों को बूस्टर डोज लगे और बच्चों के लिए भी टीकाकरण शुरू किया जाए। केन्द्र सरकार 60 साल से ऊपर के लोगों एवं फ्रंटलाइन वकर्र को बूस्टर डोज लगाने पर गंभीरता से विचार करे।

प्रदेश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 22 केसे मिले चुके हैं :
चिकित्सा विभाग के शासन सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि दिसंबर माह में अब तक वैक्सीन की 95 लाख डोज लगाई जा चुकी है। राजस्थान की 88.50 प्रतिशत पात्र जनसंख्या को प्रथम डोज तथा 71.50 प्रतिशत को द्वितीय डोज लगाई जा चुकी है। उप्रदेश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 22 केसेज मिले हैं। पॉजिटिव केसों में सभी सैंपल्स की जीनोम सिक्वेंसिंग की जा रही है।
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर भंडारी ने बताया कि ओमिक्रॉन 110 देशों में फैल चुका है। यूरोप में यह बहुत तेजी से फैल रहा है और कई देशों ने लॉकडाउन जैसे सख्त कदम भी उठाए हैं। चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. वीरेन्द्र सिंह, डॉ. अशोक अग्रवाल, डॉ. आरके गुप्ता ने भी विचार व्यक्त किए।


