उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। असहनीय सिर दर्द की समस्या लेकर जीबीएच अमेरिकन हॉस्पीटल आए व्यक्ति का दूरबिन से ब्रेन ट्यूमर निकाला गया है।
ग्रुप डायरेक्टर डॉ. आनंद झा ने बताया कि खेरवाड़ा निवासी लक्ष्मण (38) को करीब एक महीने से असहनीय सिर दर्द के साथ उल्टी होने, दौरे पड़ने की शिकायत थी। बाद में उन्हें आंखों से दिखना भी बंद हो गया था और फिर मूत्र पर भी कंट्रोल नहीं रहा। इस स्थिति में उन्हें परिजन पिछले दिनों जीबीएच अमेरिकन हॉस्पीटल लेकर आए।
यहां न्यूरो सर्जन डॉ. नितिन भाकल ने मरीज लक्ष्मण का उपचार शुरू किया। एमआरआई कराने पर पाया गया कि इनके मस्तिष्क में गांठ है, जिसकी बढ़वार के चलते मस्तिष्क से पानी का निकलना भी रूक गया है। यह ब्रेन ट्यूमर था जिनके कारण से यह परेशानी हो रही थी।
इस पर इनका दूरबिन से ऑपरेशन किया गया, जिसमें दो सेंटीमीटर के छेद से ट्यूमर निकाला गया और पानी का नया रास्ता बनाया गया। इस ऑपरेशन के दूसरे दिन मरीज को वापस दिखाई देने लगा और सभी तरह की परेशानी से भी निजात मिल गई।
इस तरह के जटिल ऑपरेशन दूरबिन की मदद से होने के कारण मरीज को ज्यादा दिन अस्पताल में भर्ती नहीं रखना होता है और ऑपरेशन के दौरान होने वाले रक्तस्त्राव भी नहीं होता। टीम में न्यूरो सर्जन डॉ. नितिन भाकल और निश्चेतना विभाग के डॉ. तरूण भटनागर रहे।


