उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जिले की गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने आज बुधवार को बलीचा बाईपास पर नाकाबंदी कर अवैध रूप से ले जायी जा रहीं नशीली दवाइयों की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त हुई दवाइयां अफीम से बनाई जाती है, ऐसे में जब्त हुई दवाइयां नशे के कारोबार से जुड़े तस्करों से संबंधित भी हो सकती हैं।
एसपी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने अवैध रूप से नशीली दवाई कोडिन ले जा रहे देबारी प्रतापनगर निवासी चतर सिंह पुत्र जामवन्त सिंह और डबोक के दारोली निवासी बाबुलाल पुत्र भग्गा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बलीचा बाईपास पर नाकाबंदी कर एक कार से 176 किलो नशीली दवाई कोडिन जब्त की है। यह दवाई 1600 शीशियों में भरी थी। कार में दवाई के 10 कार्टन रखे थे, हर कार्टन में 160 शीशियां थीं, जिसमें यह दवाई भरी हुई थी। सभी शीशियों पर “Codeine phosphate Triprolidine hydrochloride syrup” लिखा हुआ था।
कहां से लाए और कहां ले जा रहे थे ये दवाइयां

एडिएसपी अनंत कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्यवाही कर औषधी नियंत्रण अधिकारी को मौके पर बुलाया। औषधी नियंत्रण अधिकारी ने ने मौके पर दवाइयां चेक कर जानकारी दी कि यह दवाई अफीम से बनाई जाती है और डॉक्टर के परामर्श के बगैर नहीं बेची जा सकती है।
पुलिस ने कार सवार चतर सिंह और बाबूलाल से इस दवाई से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके। इस पर पुलिस ने कार सहित नशीली दवाइयों से भरे सभी कार्टन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी कार्टन पर PIECAN PHARMA PVT LTD AHAMEDABAD लिखा हुआ था। ऐसे में पुलिस पूछताछ कर ही है कि ये इन दवाइयों को कहां से लाए थे और कहां सप्लाई करने ले जा रहे थे।
टीम : यह कार्रवाई एएसआई रामावतार, मनोहर लाल, हेडकांस्टेबल भगवती लाल, गणेश सिंह, कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, राजेश लाम्बा, राजेन्द्र और सुनील कुमार की टीम ने की है।


