नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। संसद में शीतकालीन सत्र जारी है। मंगलवार को राज्यसभा में 12 सांसदो के निलंबन को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया और निलंबन वापस लेने की मांग की। हंगामे के बीच राज्य सभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।
मामले में विपक्ष नेताओं ने गांधी प्रतिमा से विजय चौक तक मार्च निकाला। मार्च में शामिल हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने काले कपड़े पहन कर विरोध जताया।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसदों के निलंबन को 14 दिन हो गए हैं, जिन मुद्दों पर सदन में विपक्ष बहस करना चाहती है, उन पर हमें बहस नहीं करने दी जाती। जहां विपक्ष आवाज़ उठाने की कोशिश करता है, उन्हें निलंबित कर दिया जाता है। ये लोकतंत्र की हत्या है। राहुल गांधी ने ट्विट कर लिखा कि लोकतंत्र में बहस व असहमति का महत्व-इस विषय में मोदी सरकार को ट्यूशन की ज़रूरत है।



