टीएसपी स्टूडेंट्स को पीएचडी उपाधि के लिए विश्वविद्यालय ने किया विशेष प्रावधान
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में गुरूवार को बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट (बॉम) बैठक हुई। विश्वविद्यालय में रिक्त पदों पर भर्तियों करने, नए विभाग और संकाय शुरू करने, अनुसंधान विकास को बढ़ावा देने सहित शिक्षकों के प्रोत्साहन के लिए कई निर्णय लिए गए।
कुलपति प्रो. अमेरिका सिंह ने बताया कि प्रबंधन मंडल की बैठक में विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई एवं सहमति बनी। ’1 जनवरी 2004 से पहले राज्य सेवा में सेवारत शिक्षक जो राज्य सेवा से विश्वविद्यालय में आए हैं, ऐसे शिक्षकों की पुरानी सेवा और पेंशन के प्रोटेक्शन पर सहमति बनी। शिक्षकों को सातवें वेतनमान का एरियर दिए जाने का निर्णय लिया गया। इसे लेकर 10 जनवरी को बीएससी की बैठक में वित्तीय प्रस्ताव लाया जाएगा।
फैकल्टी ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स खोली जाएगी

सुविवि में फैकल्टी ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स खोली जाएगी, जिसके अंतर्गत डिपार्टमेंट ऑफ म्यूजिक, डिपार्टमेंट ऑफ ड्रामा एवं डिपार्टमेंट ऑफ डांस आदि होंगे। सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत सेंटर ऑफ़ मैनेजमेंट एंड कंस्ट्रक्शन खोला जाएगा। बॉटनी डिपार्टमेंट के तहत सेंटर ऑफ हॉर्टिकल्चर चलाया जाएगा।
विश्वविद्यालय में खुलेगा जिम
कुलपति अमेरिका सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में शोध कार्यों पर अधिक जोर देने पर सहमति बनी है। टीएसपी स्टूडेंट्स को पीएचडी उपाधि के लिए विश्वविद्यालय ने एक विशेष प्रावधान किया है, जिसके तहत प्रत्येक शिक्षक को एक अतिरिक्त सीट आवंटित की जाएगी। स्टूडेंट्स के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विश्वविद्यालय में जल्द ही पीपीपी मोड पर जिम खोला जाएगा।
प्रो. नीरज बने नॉर्थ कैंपस बिलौता के अधिष्ठाता
विश्वविद्यालय में रिक्त सहायक आचार्यों के पदों पर जल्द ही भर्ती की जाएगी। प्रोफेसर नीरज शर्मा को नॉर्थ कैंपस बिलौता का अधिष्ठाता नियुक्त करने पर सहमति बनी। प्रबंध मंडल बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. अमेरिका सिंह ने की और प्रबंध मंडल के सदस्य सुधीर दवे, प्रो. मदन सिंह राठौड़, प्रो. जीएस राठौड़, प्रो. नीरज शर्मा, डॉ. प्रवीण पचौरी, डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. अमित कुमार गुप्ता, श्रवण लाल खटीक, कुलसचिव छोगाराम देवासी व वित्त नियंत्रक दलपत सिंह राठौड़ उपस्थित थे।


