प्रधानमंत्री ने गोरखपुर में विरोधियों पर बोला जुबानी हमला
गोरखपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को यूपी के गोरखपुर में एम्स और खाद कारखाने का लोकार्पण करते समय विरोधियों पर खुलकर जुबानी हमला भी बोला।
प्रधानमंत्री मोदी ने यहां सभा को संबोधित करते हुए किसी का नाम लिए बगैर कहा कि लाल टोपी वाले यूपी के लिए रेड अलर्ट हैं। इन्हें सिर्फ लाल बत्ती के लिए सत्ता चाहिए।
मोदी ने कहा आज पूरा यूपी जानता है कि लाल टोपी वालों को सिर्फ लाल बत्ती से मतलब रहा है। इन्हें माफियाओं को छूट देने के लिए, जमीन पर कब्जा करने के लिए और आतंकियों को जेल से छुड़ाने के लिए सरकार चाहिए। इसलिए, याद रखिए लाल टोपी वाले यूपी के लिए रेड अलर्ट हैं, यानी कि “खतरे की घंटी”।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पांच साल पहले यहां एम्स और खाद कारखाने का शिलान्यास करने आए थे। आज इन दोनों का एक साथ लोकार्पण करने का सौभाग्य भी आपने मुझे ही दिया है। रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर को भी आज अपनी नई बिल्डिंग मिली है। जब डबल इंजन की सरकार होती है तो तेजी से काम भी होता है और जब नेक नीयत से काम होता है तो आपदाएं भी अवरोध नहीं बन पाती हैं।
यूरिया उत्पादन में भारत को आत्मनिर्भर बनाने मेें गोरखपुर की बहुत बड़ी भूमिका होगी

गोरखपुर खाद कारखाने की यूरिया के उत्पादन में भारत को आत्मनिर्भर बनाने मेें बहुत बड़ी भूमिका होगी। पांच फर्टिलाइजर प्लांट शुरू होने के बाद 60 लाख टन अतिरिक्त यूरिया देश को मिलेगा। इससे पूर्वांचल में लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में एम्स और आइसीएमआर रिसर्च सेंटर बनने से अब इंसेफेलाइटिस से मुक्ति के अभियान को और मजबूती मिलेगी। इससे दूसरी सक्रामक बीमारियां, महामारियों के बीच उसके बचाव में भी यूपी को बहुत मदद मिलेगी। हमारा लक्ष्य ये है कि देश के हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज जरूर हो।


