जिले में पिछले 6 दिनों में 10 संक्रमितों की पुष्टि
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। देश में बेंगलुरू से कोरोना के नए वेरिएंट ऑमिक्रॉन की एंट्री के साथ उदयपुर में भी कोरोना के केस अब बढ़ने लगे हैं। जहां सप्ताह-दस दिनों में कोई एक संक्रमित की पुष्टि हो रही थी, लेकिन अब पिछले 6 दिन से लगातार हर दिन दो-तीन लोग कोरोना पॉजिटिव निकल रहे हैं।
उदयपुर में आज शुक्रवार को 3 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। एक संक्रमित अशोक नगर रोड नम्बर 7, दूसरे अशोक नगर रोड नंबर 10 और तीसरे सेक्टर 4 हिरणमगरी में रहने वाले हैं। इससे उदयपुर में कोरोना एक्टिव केस की संख्या 11 हो गयी है।
सीएमएचओ डॉक्टर दिनेश खराड़ी ने बताया कि उदयपुर में शनिवार को कोरोना का मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव चलाया जाएगा। इसके तहत जिलेभर में शनिवार को 500 से अधिक केन्द्रों पर कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी।
28 नवंबर से जिले में हर दिन हो रही नए संक्रमितों की पुष्टि

28 नवंबर से पिछले 6 दिनों में लगातार कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हो रही है, पिछले 6 दिनों में 10 लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। इसमें वे मरीज जिनकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है, वे चिकित्सा विभाग के लिए चिंता का विषय हैं, क्यों कि उन्हें संक्रमण स्थानीय स्तर पर मिला और जिससे मिला वह लक्षण नहीं होने से सामान्य खांसी-जुकाम समझकर लोगों के बीच आ-जा रहा होगा।
सीएमएचओ डॉक्टर दिनेश खराड़ी से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार उदयपुर जिले में अभी कोरोना संक्रमित 11 एक्टिव केस हैं। ये सभी होम आईसोलेशन में हैं और ज्यादातर में लक्षण नहीं है। गंभीर नहीं होने से किसी को भी हॉस्पिटल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी है।
कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग कर रहा स्वास्थ्य विभाग
29 नवंबर को सेक्टर 4 निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। मेडिकल टीम ने इनकी पिछले दिनों की आवाजाही के बारे में पूछा तो पता चला कि इनकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। इसके अगले दिन 30 नवंबर को इनकी 70 वर्षीय पत्नी भी कोरोना संक्रमित पाई गयीं, इनकी भी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं थी।
30 नवंबर को ही अशोक नगर में 1 पुरूष संक्रमित निकले, इनकी भी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं थी। अगले दिन 1 दिसंबर को इनके क्लोज कॉन्टेक्ट में 35 वर्षीय महिला भी संक्रमित पाई गयी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग इन लोगों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग कर रही हैए ताकि यह पता कर सके कि इन लोगों को संक्रमण कहां से मिला।
राजस्थान में कोरोना एक्टिव केस 213 हुए
राजस्थान में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते एक्टिव केस की संख्या 213 हो गयी है। इसमें सर्वाधिक जयपुर में 114, अजमेर में 25 और बीकानेर में 20 संक्रमित उपचाररत हैं।


