जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर के जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र स्थित पांच सितारा होटल क्लार्क्स आमेर में शादी समारोह से 2 करोड़ रूपए के आभूषण चोरी करने वाले को जयपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गुजरात, जामनगर निवासी जयेस रावजी सेजपाल है। पुलिस ने आरोपी से चोरी हुए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
खासबात है कि इसी आरोपी ने उदयपुर के एक पांच सितारा होटल में हुए शादी समारोह से भी इसी तरीके से 15 लाख रूपए के जेवर चोरी किए थे। पुलिस ने क्लार्क्स आमेर से चोरी हुए आभूषण उस फ्लैट से बरामद किए हैं, जहां वह ठहरा हुआ था।
जयपुर के एडिशनल पुलिस कमिश्नर क्राइम अजय पाल लांबा ने बताया कि गिरफ्तार हुआ आरोपी जयेस रावजी सेजपाल जयपुर के साथ ही उदयपुर, मुंबई, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, त्रिवेंद्रम, लखनऊ और आगरा सहित कई जगह बड़ी चोरी की वारदाते कर चुका है।

पुलिस ने मामले की पड़ताल आरोपी के वारदात करने की तरीक से शुरू की। जिसमें जयेस आईडेंटिफाई हुआ। यह पूर्व में भी अलग-अलग मामलों में पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के चिह्नित होने के बाद उसकी तलाश की। उसका सूरत में होने की सूचना मिली। इस पर जयपुर पुलिस ने सूरत पुलिस की मदद से दबिश देकर आरोपी जयेस को सूरत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने 2019 में जयपुर के आमेर होटल में भी ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया था।
5 साल सजा काट चुका, फिर भी नहीं सुधरा
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न शहरों में 30 से अधिक मामले दर्ज हैं और एक मामले में 5 साल की सजा भी काट चुका है। इसके बावजूद वह सुधरा नहीं। जेल से निकलने के बाद उसने फिर चोरियां शुरू कर दीं। आरोपी ने सन 2000 से चोरी करना शुरू किया था और बीते 20 सालों में सिलसिलेवार चोरी करता रहा।
दसवीं फेल, लेकिन चकमा देने में माहिर
पुलिस ने बताया कि जयेस दसवीं फेल है। लेकिन लोगों को चकमा देने में माहिर है। पत्नी को तलाक दे चुका है। वारदात को अंजाम देने यह किसी बड़े शहर में पहुंचता और बस स्टैंड के आसपास किसी छोटे होटल में ही ठहरता था। जयपुर में चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले भी 24 नवंबर को सिंधी कैंप के पास की एक छोटे होटल में ही ठहरा था।
उसके बाद उसने ऑन लाइन पता लगाया कि जयपुर में कौन-कौन से फाइव स्टार होटल्स हैं। उसके बाद वह उस होटल तक पहुंचा।
लांबा ने बताया कि आरोपी जयेश होटल क्लाक्र्स में पहुंचा था, तब कुछ देर बाद ही एक ग्रूप आया। उस ग्रूप ने इस होटल में 48 कमरे बुक करवाए। आरोपी इस ग्रुप के सदस्यों के साथ ही घुलमिल गया। ताकी स्टाफ को लगे कि यह इसी ग्रुप का कोई सदस्य हैं जो होटल में ठहरा है। उसके बाद उनकी रैकी करता रहा और मौका देख चोरी की घटना को अंजाम देकर होटल से निकल गया।


