पुलिस पहरे में निकलीं बिंदोली
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मावली थाना क्षेत्र के सालेरा कलां गांव में शनिवार रात मेघवाल समाज के दुल्हे की घोड़े पर निकल रही बिंदोली पर पथराव होने से विवाद हो गया। पथराव में बिंदोली में शामिल एक युवक घायल हो गया है। सूचना पर पुलिय मय जाब्ता मौके पर पहुंची। माहौल शांत कर पुलिस पहरेदारी में बिंदोली निकाली गयी। एहतियातन दुल्हे के घर पर भी जाब्ता तैनात है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
मावली डीएसपी हनुवंत सिंह ने बताया कि सालेरा कलां निवासी दिनेश और प्रेम जाट को गिरफ्तार किया गया है। पथराव में शामिल अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। पथराव में बिंदोली में शामिल प्रेम शंकर के चोटें आयी हैं, जिन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि सालेरा कलां निवासी नरेन्द्र कुमार मेघवाल पुत्र रतन लाल की शनिवार रात को बिंदोली निकल रही थी। बिंदोली गांव में चार भुजा मंदिर के पास पहुंची ही थी कि गांव के कुछ युवकों ने बिंदोली रोक कर दुल्हे को घोड़े से उतरने को कहा। इस बाद पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू कर दिया। युवकों ने बिंदोली पर पथराव किया, इससे बिंदोली में शामिल दो-तीन लोगों के चोटें आयी हैं। इस दौरान गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो पथराव करने वाले युवक भाग छूटे, हालां कि कुछ ही देर में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद पुलिस पहरे के बीच गांव में बिंदोली निकाली गयी। एहतियातन दुल्हे के घर पर जाब्ता है और पुलिस पहरे में ही रस्में हो रही हैं।


