जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर के त्रिपोलिया बाजार स्थित एक अनाथ आश्रम में रहने वाले बच्चों के साथ यौन शोषण होने का मामला सामने आया है। 8 से 10 साल के बच्चों के साथ यौन शोषण भी उनके साथ रह रहे 16-17 साल के किशोर कर रहे थे और किसी को नहीं बताने के लिए बच्चों को लगातार डरा-धमका रहे थे।
इन किशोरों ने आश्रम के अंदर ही धनतेरस के दिन जब शराब पार्टी की, तो किसी ने इनका वीडियो बनाकर बाल आयोग को भेज दिया, तब जाकर जांच हुई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।

जानकारी के अनुसार इस अनाथ आश्रम में 19 बच्चे रह रहे हैं। बाल आयोग और बाल कल्याण समिति सदस्य ने जब पीड़ित बच्चों की काउंसलिंग कर उनसे बात की, तो उनके साथ गलत हरकतें होना सामने आया। बच्चों ने बताया कि उनके साथ आश्रम में रह रहे 3 लड़के ही पिछले दो महीने से उनका यौन शोषण कर रहे थे।
पुलिस ने चाइल्ड लाइन जयपुर की काउंसलर की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
वीडियो से खुला मामला
जानकारी के अनुसार धनतेरस की रात को आश्रम में शराब पार्टी हुई थी। यहां डांस भी हुआ। इस बीच, आश्रम में ही रह चुके एक किशोर ने मोबाइल फोन से इस शराब पार्टी का वीडियो बना लिया। इसी वीडियो को बाल आयोग में किसी कर्मचारी को मोबाइल फोन पर भेज दिया।
वीडियो देख बाल आयोग ने निरीक्षण के लिए टीम को अनाथ आश्रम भेजा तो हालात बेहद खराब मिले। अनाथ आश्रम पर कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं था और किसी के आने-जाने की कोई रोक-टोक तक नहीं थी। निरीक्षण करने वाली टीम को अनाथ आश्रम में शराब की खाली बोतलें भी मिलीं।


